तरयासुजान। नेहरू इंटर कॉलेज तरयासुजान के खेल परिसर में आयोजित रामराज ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता के चौथे दिन पहला क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया। इसमें नेपाल की टीम को एक से पराजित कर पटना की टीम ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
कॉलेज के प्रबंधक संजय कुमार दूबे और प्रधानाचार्य वीरेंद्र द्विवेदी ने अटैक एफसी क्लब बुटवल नेपाल व यंग इलेवन एफसी क्लब पटना के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर क्वार्टर फाइनल मैच शुरू कराया। इसके बाद आमने सामने हुई दोनों टीम के खिलाड़ियों ने जबरदस्त खेल प्रदर्शन का परिचय दिया। उनके बीच हुए कड़े मुकाबले के चलते खेल की समाप्ति तक किसी भी टीम ने एक-दूसरे के खिलाफ कोई गोल नहीं कर सकी। इसके बाद आयोजन समिति ने दोनों टीम को अतिरिक्त समय दिया, इसमें पटना की टीम ने नेपाल के खिलाफ एक गोल दागकर विजेता घोषित हुई। इस तरह पटना की टीम ने मैच जीत कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
इस दौरान कृष्णा वर्मा, राजेश सिंह, विपिन राय, अशोक केडी, अमर शर्मा, ओपी शर्मा, रंजीत सिंह, अंजन तिवारी, शहाबुद्दीन, विवेक यादव आदि मौजूद रहे।