उजारनाथ (कुशीनगर)। पटहेरवा थाना क्षेत्र के पटहेरिया चौराहे से पटियाला के एक व्यापारी को मध्यप्रदेश पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद टीम व्यापारी को अपने साथ ले गई। एमपी की पुलिस टीम लग्जरी वाहन से रविवार की सुबह चौराहे पर पहुंची। इसके बाद पटियाला, पंजाब के एक कृषियंत्र की कंपनी के एमडी को एक दुकान से उठा लिया। टीम इसके बाद गोरखपुर की ओर चली गई। एमडी के साथ मौजूद अन्य लोगों ने घबड़ाकर इसकी सूचना एसपी व स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि मध्य प्रदेश की पुलिस ने व्यापारी को उठाया है। पटहेरिया-समउर मार्ग पर स्थित पटहेरिया चौराहे पर सुबह करीब आठ बजे बोलेरो से एमपी पुलिस के चार लोग पहुंचे।
इसके 10 मिनट बाद एक लग्जरी कार भी वहां आकर रुकी और उससे चार लोग उतरे। गाड़ी के बगल में स्थित एक चाय की दुकान में पटियाला की एक कंबाइन मशीन कंपनी के एमडी अमरजीत सिंह (45), उनके साथी यशवीर सिंह (40), गुरूपाल सिंह (35) व काला सिंह एसटीएफ कालोनी पटियाला नाश्ता कर रहे थे। पुलिस टीम ने एमडी अमरजीत को हिरासत में ले लिया। कार में बैठाकर वह समउर की ओर गए फिर इसके बाद गोरखपुर की ओर निकल गए। एमडी के साथी यशवीर सिंह, गुरूपाल सिंह व काला सिंह ने बताया कि वह पटियाला, पंजाब से शुक्रवार को चले थे। कृषि यंत्र बेचने वाले दुकानदारों से अपने प्रोडक्ट (कंबाइन मशीन) के संबंध में व्यापारिक चर्चा करते हुए यहां पहुंचे थे। इसके बाद सिवान (बिहार) जाना था। कल पटियाला लौटने की प्लानिंग थी। इसी बीच अमरजीत को हिरासत में ले लिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्र ने बताया कि एमडी को हिरासत में लेने वाले मध्य प्रदेश पुलिस के लोग थे। अमरजीत धोखाधड़ी में वांछित था।