पिपरा कनक। विदेश भेजने के नाम पर एक व्यक्ति का पासपोर्ट जमा करा लिया गया है। लगभग ढाई महीने बीत जाने के बाद भी एजेंट ने पासपोर्ट वापस नहीं किया है। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के पिपरा कनक गांव निवासी मोहम्मद अजहरुद्दीन सिद्दीकी ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि कसया थाना क्षेत्र के कसया में स्थित एक कार्यालय के एजेंट और एक कर्मचारी ने उनका पासपोर्ट जमा कर लिया था। एजेंट ने चार दिनों के अंदर प्रस्ताव पत्र दिलाने का वादा किया था लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के ढाई महीने बाद भी प्रस्ताव पत्र नहीं मिला।
आरोप है कि पासपोर्ट वापस मांगने पर उन्हें बार-बार टाला जा रहा है। एजेंट पासपोर्ट लौटाने में आनाकानी कर रहा है। मोहम्मद अजहरुद्दीन सिद्दीकी को अपने मूल दस्तावेज के दुरुपयोग की आशंका सता रही है। उन्होंने अपना पासपोर्ट वापस दिलाने और दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष पटहेरवा अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।