पडरौना। शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण कर उन्हें बेहतर नागरिक बनने की दिशा भी प्रदान करते हैं।
ये बातें सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहीं। वे शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षकों का समर्पण राष्ट्र की मजबूत नींव तैयार करता है। गुरु विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने के साथ उनके चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि जीवन में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक विद्यार्थियों को सही निर्णय लेने, आगे बढ़ने और बेहतर नागरिक बनने की दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पूर्व राष्ट्रपति एवं शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बेसिक शिक्षा विभाग से कप्तानगंज के संजीव कुमार गोंड, तमकुहीराज के अवधेश वर्मा, सेवरही के नवीन कुमार, सुकरौली की माला सिंह, मोतीचक के दीपेश सिंह, फाजिलनगर की प्रियंका राय, पडरौना की सबाना परवीन, विशुनपुरा के डॉ. अनिरुद्ध मौर्य, कसया के महेश कर्णधार, दुदही के मुकेश यादव, हाटा के शाबिर सिद्दीकी, नेबुआ नौरंगिया के धर्मेंद्र कुमार और रामकोला के मंगलदीप कन्नौजिया और माध्यमिक शिक्षा विभाग से पडरौना के राम स्वरूप गुप्ता, राजेश यादव व विनय पांडेय, तमकुहीराज के गिरधर मौर्य, खड्डा के ऊदल कुमार, विशुनपुरा के शैलेंद्र कुमार और सेवरही के विजय शंकर शुक्ला को प्रमाण पत्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में बीएसए अनिल कुमार सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन रविंद्र नारायण पांडेय ने किया।
इस दौरान सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव, डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता, बीईओ सुरेंद्र बहादुर सिंह, जिला स्काउट शिक्षक नीरज बंका आदि मौजूद रहे।