1,126 पंजीकृत स्कूली वाहनों में 234 का फिटनेस खत्म
अप्रैल में चला या था विशेष चेकिंग अभियान
81 स्कूली वाहनों का चालान और 19 वाहनों को किया गया था सीज
पडरौना। जिले में स्कूली वाहनों के फिटनेस के लिए परिवहन विभाग सख्त हो गया है। विभाग ने शुक्रवार से 12 मई तक स्कूली वाहनों का फिटनेस कराने की मोहलत दी है। इसके बाद बगैर फिटनेस सड़क पर चलते हुए स्कूली वाहन मिले तो उनके पंजीयन निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
यह जानकारी शुक्रवार को एआरटीओ मोहम्मद अजीम ने दी। उन्होंने बताया कि जिले में स्कूली वाहनों के खिलाफ 23 से 29 अप्रैल तक चले विशेष चेकिंग अभियान में 81 स्कूली वाहनों का चालान व 19 वाहनों को सीज किया गया था। वर्तमान में जिले में 1,126 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। इनमें 234 स्कूली वाहनों का फिटनेस खत्म हो चुका है। इनमें से अब तक 65 स्कूली वाहनों की फिटनेस की जांच हुई है।
उन्होंने बताया कि परिहवन आयुक्त ने चार मई को इस संबंध में एक आदेश जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि जिन स्कूली वाहनों का फिटनेस समाप्त हो गया है और परिवहन विभाग के नोटिस के बावजूद वाहनों का फिटनेस नहीं कराया है तो उनके खिलाफ मोटर यान अधिनियम के तहत वाहन के पंजीयन निलंबन की कार्रवाई की जाए। इसके अलावा बगैर फिटनेस व बिना परमिट व बगैर टैक्स जमा किए चलने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ सात से नौ मई तक विशेष चेकिंग अभियान चलाकर चालान व बंद करने की कार्रवाई की जाए।