हादसे में एक युुवक की मौत, दूसरा घायल
पटहेरवा थाना क्षेत्र के बड़हरा चौराहे के पास हुई दुर्घटना
फाजिलनगर(कुशीनगर)। पटहेरवा थानाक्षेत्र के बड़हरा चौराहे के पास रविवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली के चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरे युवक को मामूली चोटें आई हैं। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चला गया।
लबनिया निवासी 19 वर्षीय मंटू अपने मित्र 23 वर्षीय कामोद के साथ बाइक से किसी कार्य के लिए बघौचघाट जे रहे थे। फाजिलनगर-बघौचघाट मार्ग पर बड़हरा चौराहे के करीब पीछे से तेज गति में आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने चपेट में ले लिया। इससे बाइक पर पीछे बैठे कामोद बाइक से उछलकर खेत में गिर गए। जबकि बाइक चालक मंटू बाइक सहित सड़क पर गिरकर ट्रॉली की चपेट में आ गए। जब तक लोग वहां पहुंचते, चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गया। दुर्घटना के बाद लोगों ने एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी फाजिलनगर पहुंचाया, जहां डाक्टर ने मंटू को मृत घोषित कर दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों हेलमेट नहीं पहने थे।
इस संबंध में पटहेरवा थाने के एसओ अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।