अहिरौली बाजार। सुबोधिया खुर्द के पास हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक को एंबुलेंस से गोरखपुर एम्स भेजा गया, जबकि घायल अधेड़ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवतहा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अहिरौली बाजार पुलिस स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान थाना क्षेत्र के सिंघड़िया पोखरभिंडा निवासी विपिन सिंह (26) के रूप में हुई है। उसका इलाज गोरखपुर एम्स में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
थानाध्यक्ष प्रविन्द्र कुमार राय ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।