पडरौना। सोमवार को जनपद के सभी बीडीओ और अन्य कई अफसरों ने कालीपट्टी बांधकर विकास भवन में प्रदर्शन किया। ये लोग बीते 29 मार्च को आजमगढ़ के एक बीडीओ के साथ हुए दुर्व्यवहार के खिलाफ नाराजगी जाहिर करने पहुंचे थे। प्रादेशिक विकास सेवा संगठन के बैनरतले एकत्र इन अफसरों ने डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए अपने चरणबद्घ आंदोलन की शुरुआत की।
पीडी राजेंद्र प्रसाद, डीडीओ शेषनाथ चौहान, बीडीओ रघुनाथ सिंह, सतीश सिंह, डॉ. अरुण यादव, राकेश त्रिपाठी, चित्रा मिश्रा, राजाराम, कार्तिकेय मिश्र, आनंद प्रकाश सहित कई अफसर सोमवार को दिन के करीब 11 बजे विकास भवन में एकत्र हुए और नारेबाजी की।
प्रादेशिक विकास सेवा संगठन के जिलाध्यक्ष रघुनाथ सिंह ने कहा कि आजमगढ़ जिले के एडीएम प्रशासन की तरफ से 29 मार्च को बीडीओ संतोष कुमार गुप्ता के साथ दुर्व्यवहार किया गया, जिससे सभी बीडीओ आहत हैं। वहां के एडीएम प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्य सचिव को ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। संगठन ने ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो संगठन चरणबद्घ तरीके से आंदोलन करेगा।
उन्होंने बताया कि संगठन से जुड़े सभी बीडीओ विरोध स्वरूप दो से चार अप्रैल तक काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन कार्य करेंगे। उसके बाद भी मांगे पूरी नहीं हुईं तो चार से छह अप्रैल तक कार्य बहिष्कार और उसके बाद से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। विकास भवन में प्रदर्शन के बाद इन अफसरों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से शासन को अवगत कराने का आग्रह किया।