मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत विरईठ रामनगर में व्यक्तिगत शौचालय अनुदान के नियम विरुद्ध आवंटन का मामला सामने आया है। आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर सफाई कर्मचारी की पत्नी को शौचालय का लाभ दे दिया गया।
जांच रिपोर्ट के बाद डीपीआरओ ने बुधवार को तत्कालीन एडीओ पंचायत, सचिव और वर्तमान महिला प्रशासक के विरुद्ध नोटिस जारी कर सात दिन में साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण मांगा है।
जिला समन्वयक एसबीएम अखंड प्रताप की ओर से पिछले महीने पांच सितंबर को किए गए निरीक्षण की आख्या के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। निरीक्षण में पाया गया कि नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक में तैनात सफाई कर्मचारी नैलाश की पत्नी इंद्रावती को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के अनुदान का लाभ नियम विरुद्ध तरीके से दिया गया। मामले में तत्कालीन एडीओ पंचायत भगवन्त प्रसाद, ग्राम प्रशासक समिऊन नेशा तथा ग्राम पंचायत सचिव रवि सिंह को नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस में तीनों से निर्धारित अवधि के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। नोटिस में चेताया कि यदि समय सीमा में स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं हुआ तो नियम विरुद्ध आवंटित धनराशि की तीनों से समान रूप से वसूली और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।