मंसाछापर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर के संभावित निरीक्षण को लेकर 22 मई को बांसीघाट एवं मेला परिसर में सफाई अभियान के दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित मिलने पर 10 सफाई कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है। एडीओ पंचायत सुनील सिंह ने तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। जिन सफाई कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें विजय कुमार यादव, शंभु प्रसाद, जितेंद्र कुमार गौतम, महेंद्र प्रसाद, योगेंद्र यादव, राजेश गुप्ता, अशोक कुमार, बलवंत राय, हरिशंकर शर्मा तथा श्रीमती शीला देवी शामिल हैं।
विशुनपुरा ब्लॉक के प्रसिद्ध बांसी नदी और मेला परिसर की साफ-सफाई के लिए विकास खंड के सभी सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। निरीक्षण के दौरान कई सफाईकर्मी अनुपस्थित पाए गए। नोटिस में कहा गया है कि कर्मचारियों ने जानबूझकर उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना की तथा अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं किया। इससे अन्य कर्मचारियों में भी असंतोष व्याप्त हो रहा है।
एडीओ पंचायत ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया तो 22 मई का वेतन बाधित करते हुए विभागीय कार्रवाई की संस्तुति कर दी जाएगी।