पहले दिन स्कूल न जाने वाले शिक्षकों को नोटिस
- ग्रीष्म अवकाश के बाद 16 जून को विद्यालय खुलने पर हुई थी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। गर्मी की छुट्टियों के बाद पहले दिन स्कूल न जाने वाले शिक्षकों नोटिस दिया गया है। वहीं, प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों की जांच के दौरान कमियां मिली थी, इसकी भी जांच कराई जा रही है।
ग्रीष्म अवकाश के बाद बीते 16 जून को बीईओ, एआरपी, एसआरजी और जिला समन्वयक को जांच अधिकारी नामित कर विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता, बैठने की व्यवस्था, पाठ्य पुस्तक वितरण, अध्यापकों की उपस्थिति, विद्यालय में उपलब्ध संसाधन, रंगाई-पुताई, बाउंड्रीवाल समेत अन्य कई बिंदुओं पर जांच की गई थी। जांच में सबसे अधिक लापरवाही शिक्षकों की मिली थी। विद्यालय खुलने के पहले दिन अधिकांश विद्यालयों के शिक्षक या तो समय से नहीं पहुंचे थे अथवा बिना अवकाश लिए ही अनुपस्थित थे। इसको गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से कार्रवाई करते हुए इन विद्यालयों के शिक्षकों को नोटिस देकर एक जवाब मांगा गया है।
प्रभारी बीएसए पंकज कुमार सिंह ने बताया कि बीते 16 जून को विभाग की तरफ से नामित जांच अधिकारियों के तरफ से जांच में पडरौना ब्लॉक के 17, कसया ब्लॉक के 19, सेवरही ब्लॉक के 30, सुकरौली ब्लॉक के 23, मोतीचक ब्लॉक के 16, हाटा ब्लॉक के 12, नौरंगिया ब्लॉक के 20, रामकोला ब्लॉक के आठ, खड्डा ब्लॉक के 21, विशुनपुरा ब्लॉक के 16, तमकुही ब्लॉक के सात, फाजिलनगर ब्लॉक के 24, कप्तानगंज ब्लॉक के आठ और दुदही ब्लॉक के 12 स्कूलों सहित कुल 233 विद्यालयों में कमियां मिली थी। इसमें सबसे अधिक लापरवाही शिक्षकों की मिली। जांच टीम के अधिकारियों की तरफ से मिली रिपोर्ट के मुताबिक अधिकांश विद्यालयों में शिक्षक विद्यालय गए ही नहीं। कई लोग बिना अवकाश के गायब रहे तो कई लोग विलंब से स्कूल पहुंचे। इसको गंभीरता से लेते हुए उन्हें नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।