अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग भी तैयार
कार्यदायी संस्था वेस्टर्न आउटडोर ने पांच महीने में पूरा किया काम
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया (कुशीनगर)। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट उड़ान के लिए पूरी तरह से सुसज्जित हो गया है। यहां पांच महीने में ही जर्मन फैब्रिक मैटेरियल से अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल बिल्डिंग तैयार हो गई है। अब केवल सरकार को उड़ान की तारीख तय करनी है।
कुशीनगर एयरपोर्ट के डॉयरेक्टर एके द्विवेदी ने शुक्रवार को बताया कि कार्यदायी संस्था वेस्टर्न आउटडोर ने पांच महीने में एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल बिल्डिंग के निर्माण का काम पूरा कर दिया है। यह जर्मन फैब्रिक मटेरियल से निर्मित है। पूरी तरह से वातानुकूलित यह टर्मिनल बिल्डिंग फायरप्रूफ है। एयरपोर्ट पर तैनात एक अधिकारी ने बताया कि यह पोर्टेबल है।
आवश्यकता पड़ने पर इसे यहां से हटाकर किसी दूसरी जगह ले जाकर वहां इंस्टाल किया जा सकता है। इस एयरपोर्ट पर यह एक नया प्रयोग है। यह भारत की पहली जर्मन फैब्रिक मटेरियल से बनी टर्मिनल बिल्डिंग है। इस एयरपोर्ट को पिछले महीने में ही उड़ान के लिए लाइसेंस मिल गया है। इसके अलावा उद्घाटन के लिए श्रीलंका सरकार से भी संपर्क किया जा चुका है। भारत सरकार की कोशिश है कि कुशीनगर से पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान कोलंबो के लिए हो, क्योंकि वहां से बड़ी संख्या में बौद्ध धर्म के अनुयायी यहां दर्शन-पूजन के लिए आते हैं।