सुकरौली। हाटा-गोरखपुर फोरलेन पर शनिवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जोलहिनिया फोरलेन क्रॉसिंग के पास उस समय हुआ, जब अचानक लेन बदल रही कार से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जनपद के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के डुमरी खास निवासी रामभवन प्रसाद (35) अपनी पत्नी सोमारी देवी (32) के साथ हाटा कोतवाली क्षेत्र के सेमरी गांव स्थित ससुराल आए थे। शनिवार को दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जोलहिनिया फोरलेन क्रॉसिंग के पास हाटा से गोरखपुर की ओर जा रही एक कार अचानक दूसरी लेन में मुड़ गई। पीछे से आ रही बाइक कार से भिड़ गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने सुकरौली चौकी पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी देवतहां भेजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए एम्स गोरखपुर रेफर कर दिया। संवाद