पिपराकनक। साधन सहकारी समिति पिपरा कनक पर सोमवार को सुबह यूरिया मिलने की सूचना पर क्षेत्र के सैकड़ों किसानों की भीड़ जुटी गई। अधिक भीड़ को देखते हुए समिति के सचिव ने एक किसान को दो बोरी यूरिया वितरण करना शुरू किया, लेकिन अधिक भीड़ होने के चलते समिति पर पहुंचे अधिकतर किसानों को यूरिया नहीं मिलने से लौट गए। क्षेत्र के पिपरा कनक गांव में स्थित साधन सहकारी समिति पर सोमवार को यूरिया मिलने की सूचना पर पांच बजे भोर से ही किसान यूरिया लेने के लिए समिति पर कतार में खड़े थे। सुबह नौ बजे से यूरिया वितरण शुरु हुआ। यूरिया के लिए पिपरा कनक, जोगिया, सुलतापुर, अमवां महंथ, लक्षिया, मठिया, पखिहवां उर्फ करजहां, बोदा टोला, हसनपुरा, महरु टोला, गगलवा, चैनपट्टी, मीर बिहार, मंगुरी पट्टी, कोटवा, टीकमपार आदि गांव के अधिक किसानों की भीड़ जुट गई थी, लेकिन यूरिया कमी होने से अधिकांश किसानों को बिना यूरिया लिए ही घर वापस जाना पड़ा।
पिपरा कनक के मजीबुल होदा ने कहा कि पांच बजे भोर से ही किसान लाइन में लगे थे, लेकिन किसानों को मायूस होकर घर वापस जाना पड़ा। इस सम्बंध में प्रभारी सचिव प्रेम सागर मिश्रा ने बताया कि 221 बोरी यूरिया उपलब्ध था क्षेत्र के भारी संख्या में किसानों की भीड़ जुट गई। इसलिए दिक्कतें हुई हैं। डिमांड किया गया है शीघ्र यूरिया मिलने पर वितरण किया जायेगा।