जिले में पांच साल में बढ़ गए ढाई लाख से अधिक मतदाता
- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 1502 मतदान केंद्र तथा 3941 मतदान स्थल बनाए गए
राकेश कुमार गौंड़
पडरौना (कुशीनगर)। गांवों की राजनीति में इस बार नए वोटरों की दखल काफी असर डालेगी। ये नए वोटर न केवल अपने गांव के प्रधान के चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, बल्कि बीडीसी और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के चुनाव का रुख भी बदल सकते हैं। क्योंकि पांच साल में ही 2.50 लाख से अधिक मतदाता बढ़ गए हैं। इन्हें लेकर ग्रामीण क्षेत्र के कुल वोटरों की संख्या अब 25,02064 हो गई है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मार्च-अप्रैल के मध्य होने की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संबंधित विभागों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। मतदाता सूची तैयार कर ली गई है तथा मतपेटियों के रखरखाव की तैयारी भी पूरी करने का निर्देश दे दिया गया है। मतदान केंद्रों का चयन भी कर लिया गया है।
इसी तरह मतदाता सूची भी अब तैयार हो गई है। वर्ष 2015 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 22,46266 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। अबकी बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले जिला प्रशासन की तरफ से मतदाता सूची का पुनरीक्षण हो चुका है। मतदाता सूची के अनंतिम प्रकाश के बाद इस बार के चुनाव में जिन मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना है, उनकी सूची तैयार हो चुकी है। इसके आधार पर अब वोटरों की संख्या बढ़कर 2502064 हो गई है। इस प्रकार पांच वर्षों में जनपद की 1003 ग्राम पंचायतों में 2,55,798 मतदाता बढ़े हैं। इस बार के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जहां 1502 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, वहीं मतदान स्थलों की संख्या 3941 है। संवाद
ब्लॉकवार ग्राम पंचायताें की संख्या
पडरौना ब्लॉक में 108, सेवरही में 82, कसया में 19, हाटा में 53, मोतीचक में 70, रामकोला में 58, कप्तानगंज में 76, विशुनपुरा में 81, सुकरौली में 66, फाजिलनगर में 80, खड्डा में 72, दुदही में 66, नेबुआ नौरंगिया में 77 और तमकुही में 95 ग्राम पंचायतें हैं। जनपद में कसया और हाटा नगर पंचायतों का विस्तार कर नगरपालिका बनाए जाने तथा सात नई नगर पंचायतें बनाए जाने से गांवों की संख्या घट गई है।
इतने मतदाता बढ़े
पडरौना ब्लॉक में 26345, सेवरही में 16701, कसया में 7690, हाटा में 13301, मोतीचक में 20085, रामकोला में 22008, कप्तानगंज में 16222, विशुनपुरा में 17867, सुकरौली में 12939, फाजिलनगर में 19941, खड्डा में 17697, दुदही में 25283, नेबुआ नौरंगिया में 16926 और तमकुही में 22793 सहित कुल 255798 मतदाता बढ़े हैं।
इस बार के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदाताओं की संख्या में 2,55,798 की वृद्धि हुई है। नई नगर पंचायतों के गठन और विस्तार के कारण गांवों की संख्या इस बार कम हुई है। इस बार के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 1502 मतदान केंद्र तथा 3941 मतदान स्थल बनाए गए हैं। निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार चुनाव की तैयारी चल रही है।
श्याम नारायण प्रसाद,
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी