बलकुड़ियां गांव में ओपन जीम का निरीक्षण करते डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी ।स्रोत-सोशल मीडिया
मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के बलकुड़िया गांव में ओपन जिम लगवाने के नाम पर ग्राम निधि से पिछले वर्ष मार्च में 3.74 लाख रुपये आहरित किए जाने और मौके पर कार्य न कराए जाने की शिकायत सामने आई थी। बृहस्पतिवार को डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी ने मामले की जांच की।
सबसे पहले डीपीआरओ पंचायत भवन पहुंचे। वहां विकास कार्यों से संबंधित जानकारी ली। जांच के दौरान एडीओ पंचायत रामअशीष गौतम, ग्राम पंचायत सचिव रवि सिंह मौजूद रहे।
डीपीआरओ के निरीक्षण में ओपन जिम लगवाने के लिए बेस तैयार करने का कार्य प्रारंभ तो कर दिया गया है, लेकिन अभी पूर्ण नहीं हुआ है। वहीं, ओपन जिम से संबंधित उपकरण पुराने पंचायत भवन के एक कमरे में रखे मिले। ग्राम पंचायत सचिव ने बताया कि मैदान में पहले मिट्टी की पटाई कराई जानी थी, परंतु आवश्यक मिट्टी उपलब्ध न होने के कारण कार्य में विलंब हुआ। हालांकि, जांच के दौरान संबंधित सचिव द्वारा आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर अधिकारियों ने सचिव को तत्काल समस्त अभिलेख प्रस्तुत करने तथा बिना कार्य कराए धनराशि आहरित किए जाने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। संवाद