बरवापट्टी। दुदही ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर बरहन के ग्रामीणों का धरना दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। गांव के लोग विकास कार्यों में धांधली और गबन का आरोप लगाते हुए बीते बुधवार को पंचायत भवन में धरने पर बैठ गए थे। धरना दे रहे लोगों ने कहा कि जब तक मामले में जांच शुरू नहीं होगी तब तक धरना चलता रहेगा। आगामी 25 फरवरी के बाद यह धरना बेमियादी अनशन में तब्दील हो जाएगा। धरना दे रहे लोगों ने गांव में इंडिया मार्का हैंडपंप, स्ट्रीट लाइट, आरसीसी सड़क, इंदिरा आवास, मनरेगा और शौचालय निर्माण, पोखरा सुंदरीकरण, खड़ंजा, इंटरलॉकिंग और पुलिया निर्माण में हुए धांधली की जांच करवाने की मांग कर रहे हैं। धरने में श्रीनिवास कुशवाहा, नंदकिशोर कुशवाहा,राधा चौधरी, संजय कुशवाहा आदि मौजूद रहे। संवाद