जम्मू के ध्यानार्थ
लापता हेड कांस्टेबल का शव हरहा नदी में मिला
नक्सल प्रभावित कमरछिनवा दोन और हाथीनाला के बीच हुआ था लापता
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा (कुशीनगर)। तीन दिन पूर्व लापता एसएसबी के जवान का शव बृहस्पतिवार को हरहा नदी में मिला। एनडीआरएफ की टीम ने शव को खोज निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए बगहां अनुमंडल अस्पताल भेजा जाएगा।
एसएसबी की 65वीं वाहिनी के हेड कांस्टेबल मोहम्मद अशरफ मंगलवार को अचानक लापता हो गए थे। वह कुशीनगर से सटे बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले की पुलिस बगहा के नक्सल प्रभावित गोबरहिया थानाक्षेत्र के कमरछिनवा दोन और हाथी नाला के बीच हरहा नदी के पास से गुम हुए थे। उनकी तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा था। हरहा नदी में डूबने की आशंका पर सर्च अभियान नदी पर केंद्रित किया गया। बृहस्पतिवार को एनडीआरएफ की टीम ने ऑक्सीजन सिलेंडर की सहायता से नदी में गोता लगाकर खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद शव और उनके हथियार समेत सभी सामान बरामद हो गए। बताया जा रहा है कि नेपाल सीमा के नजदीक वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के घने जंगल और पहाड़ियों में गश्त के दौरान पैर फिसलने से अशरफ नदी में गिर गए थे। मृत जवान की पहचान जम्मू राज्य के रजौरी जिले के फलानी गांव निवासी अशरफ पुत्र गुलाम मोहम्मद (36) के रूप में हुई है। इस संबंध में रामनगर के डीएसपी अर्जुन लाल ने बताया कि एसएसबी 65वीं वाहिनी के लापता हेड कांस्टेबल का शव हरहा नदी से बाहर निकाल लिया गया है। उसे पोस्टमार्टम के लिए बगहां ले जाया जाएगा।