तरकुलवा। थाना क्षेत्र के सकतुआ गांव में बुधवार की देर शाम विवाहिता का शव घर में छत की कुंडी के सहारे फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार चौरा खास थाना क्षेत्र के बेलवा कारखाना निवासी रमेश प्रसाद अपनी 25 वर्षीय बेटी इंदु की शादी पांच साल पहले तरकुलवा थाना क्षेत्र के सकतुआ बुजुर्ग गांव निवासी महेंद्र प्रसाद के साथ की थी। रमेश की यह दूसरी शादी थी। पहली पत्नी की बिच्छू के डंक मारने से मौत हो गई थी। बुधवार को घर के सभी लोग खेत में धान की रोपनी करने गए थे। घर पर इंदु अकेले थी।
शाम करीब 7:30 बजे घर वाले जब खेत से लौटे तो इंदु का कमरा भीतर से बंद था। उन्होंने आवाज लगाई, मगर कोई जवाब नहीं मिला। जब खिड़की से कमरे में झांका तो वह कुंडे के सहारे फंदे से लटकी थी। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के लोग पहुंच गए।
घटना की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। इसकी सूचना पाकर थाना प्रभारी मृत्युंजय राय मौके पर पहुंचे और मायके पक्ष के लोगों को समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ संजय कुमार रेड्डी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।