पडरौना के छावनी में बाइक की खरीदारी करते लोग। संवाद
पडरौना। धनतेरस पर शनिवार को शहर से लेकर गांव तक करोड़ों का कारोबार हुआ। एक दिन में ही 16 हजार से अधिक बाइकें बिक गईं। इलेक्ट्राॅनिक उपकरण, सराफा, बर्तन, टीवी, बाइक, कार खरीदनेवालों की भीड़ लगी रही। देर रात तक ग्राहक दुकानों पर खरीदारी करते रहे। दुकानों पर इस कदर भीड़ थी कि दुकानदारों को एक पल भी फुरसत नहीं मिल सकी। शहर से लेकर गांव तक उत्सव जैसा माहौल रहा। व्यापारियों की मानें तो इस दिन जिले में 160 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है।
साढ़े ग्यारह करोड़ से अधिक का रहा कार और ट्रैक्टर का बाजार : कार एजेंसी मालिक मृत्युंजय दीक्षित ने बताया कि शुक्रवार को कुल 46 गाड़ियों की बिक्री हुई। इससे करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। ट्रैक्टर एजेंसी के मालिक नागेंद्र कुमार गुप्ता, डॉ. वीरेंद्र यादव, आशुतोष सिंह बहुगुड़ा और मनोज सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर, ई-रिक्शा, टैंपो की भी खूब बिक्री हुई। इसका कारोबार भी करीब डेढ़ करोड़ का कारोबार हुआ है।
स्मार्ट टीवी, फ्रीज की भी हुई खरीदारी : इलेक्ट्रानिक उपकरणों की दुकानों पर नए फंक्शन में आई स्मार्ट टीवी व फ्रीज की खूब बिक्री हुई। धनतेरस पर दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही। दुकानों के प्रवेश द्वार पर ऑफर, छूट व नए सामानों की जानकारी देने के लिए अलग से काउंटर बनाए गए थे। इलेक्ट्रानिक्स दुकानदारों के अनुसार स्मार्ट टीवी व फ्रीज पर लोग ज्यादा जोर दे रहे थे। शहर में इलेक्ट्रानिक उपकरण का व्यापार एक करोड के पार रहा। बुकिंग के साथ ही नगद भुगतान कर ग्राहकों ने खरीदारी की।