पडरौना। पडरौना डिपो की 19 समेत अन्य की कुल 74 बसें महाकुंभ के लिए संचालित होंगी। इन बसों का सही लोकेशन ट्रेस हो सके इसके लिए बसों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जाएगा।
यही नहीं यदि ये बसें बीच रास्ते में किसी कारणवश खराब होंगी, तो उसे स्थानीय जिले के डिपो के वर्कशॉप कर्मी सही करेंगे। वर्कशाप में पहुंचने के बाद इन बसों की मरम्मत को पहले प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि यात्रियों को ज्यादा परेशान न होना पड़े।
13 जनवरी से लेकर 26 फरवरी तक प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन होगा। शासन से लेकर प्रशासन तक इसकी तैयारियों में जोर-शोर में लगा हुआ है। जिले से भी हजारों श्रद्धालु प्रयागराज जाकर स्नान करने के अलावा वहां घटित होने वाली गतिविधियों के हर पल के गवाह बनेंगे। वहां पहुंचने के लिए लोगों के लिए ट्रेनों के अलावा परिवहन निगम की बसें भी बड़ा सहारा होंगी। महाकुंभ के लिए पडरौना से 19 व अन्य डिपो की कुल 74 बसें चलेंगी। इसके लिए इन बसों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जाएगा। इनके लगने के बाद बसों की सही लोकेशन पता चल सकेगी, जिससे यात्रियों को बस पकड़ने में सहूलियत होगी।
यही नहीं यदि बीच रास्ते में कहीं बस में तकनीकी या अन्य खराबी आती है तो उसे मार्ग पर ड्यूटी कर रही ब्रेकडाउन वाहन की टीम दुरुस्त करेगी। यदि बस में अधिक खराबी होती है तो उसे स्थानीय डिपो में भेजकर दुरस्त कराया जाएगा। इन बसों का मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि यात्रियों को अधिक देर तक परेशान न होना पड़े, इसके लिए यह टीम विभिन्न रूटों पर तैनात रहेगी।
इस संबंध में एआरएम सर्वजीत वर्मा ने बताया कि महाकुंभ में जाने वाली सभी बसों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।