उजारनाथ। क्षेत्र के सिंदुरिया बुजुर्ग में स्थित मां कंकाली मंदिर परिसर के कायाकल्प की तैयारी शुरू हो गई है। इस मंदिर के लिए जनसहयोग से करीब सात लाख रुपये खर्च कर मंदिर का जीर्णोद्धार किया जाएगा। पटहेरवा थाना क्षेत्र के पटहेरीया-तुर्कपट्टी मार्ग पर स्थित सिंदुरिया बुजुर्ग गांव के पूरब में पांच सौ मीटर पूरब टीले पर स्थित मां कंकाली मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां नवरात्र में दूर-दूर के श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। साल के दो नवरात्रों में विशाल मेला भी लगता है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष बिजली यादव ने बताया कि अगले महीने 17 मार्च से नौ दिवसीय रुद्र महायज्ञ शुरू होगा। कुछ दिन ही शेष रह गए हैं। इसके पूर्व ही मां कंकाली मंदिर का करीब सात लाख रुपये से कायाकल्प व सुंदरीकरण का कार्य शुरू करा दिया गया है। इससे दूर से आए श्रद्धालुओं को सुविधा के इंतजाम में कोई दिक्कत नहीं होगी।