पडरौना। जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन में बुधवार को आयोजित जनता दर्शन में पहुंचे रोजगार सेवकों और फरियादियों की शिकायतें सुनने के साथ ही उन्हें डिजिटल स्व-गणना अभियान का हिस्सा बनाकर जनगणना के लिए सशक्त भी किया गया।
बुधवार को जनता दर्शन में जिले के विकास खंडों से रोजगार सेवक अपनी मांगों और विभागीय समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने उनकी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके बाद विकास भवन में स्थापित स्व-गणना हेल्प डेस्क के माध्यम से मौजूद रोजगार सेवकों को डिजिटल पंजीकरण की प्रक्रिया से जोड़ा गया। हेल्प डेस्क पर तैनात कार्यालय कर्मी राघवेंद्र राव और कमलेश यादव ने रोजगार सेवकों व फरियादियों को मोबाइल फोन के माध्यम से पोर्टल पर विवरण भरने की तकनीकी जानकारी दी। इस दौरान फरियादियों को बिना किसी की मदद के घर पर बैठे सुरक्षित तरीके से अपनी गणना करने के बारे में बताया गया। हेल्प डेस्क की तरफ से जरूरी दस्तावेजों की उपलब्धता और पोर्टल के सरल उपयोग के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया।
सीडीओ ने कहा कि डिजिटल स्व-गणना अभियान की सफलता के लिए व्यापक जागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास भवन आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को इस सुविधा के बारे में बताया जाए ताकि जनगणना में पारदर्शिता और गति आए।