फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: चूहे के पेशाब से फैला लेप्टोस्पायरोसिस, जांच में पानी की गुणवत्ता मिली शुद्ध

Sat, 06 Dec 2025 01:44 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
पीकू वार्ड में जांच करते सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश,प्राचार्य  डॉ. आरके शाही।स्रोत-सोशल मीडिया
विज्ञापन
कुशीनगर। लेप्टोस्पायरोसिस से बच्चों की हुई मौत के मामले में जांच में सामने आया है कि यह बीमारी चूहे के पेशाब से फैली। स्वास्थ्य विभाग की जांच में इसकी पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिस हैंडपंप का पानी पीड़ित परिवार पी रहा था, उसका सैंपल जांच के लिए लैब में भेजा गया था। इसमें प्रभावित गांवों का पानी जांच में शुद्ध मिला है।
विज्ञापन

शुक्रवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची और कैंप लगाकर दवा वितरण किया। 12 बच्चों का जिले में और चार बच्चों का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेेज गोरखपुर में चल रहा है। इसमें एक बच्चे को खड्डा के तुर्कहा सीएचसी से रेफर किया गया है। वहीं कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती चार बीमार बच्चों के सेहत में सुधार होने पर छुट्टी दे दी गई है।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर जिले में 15 दिन के लिए दस्तक अभियान चलाया गया है। गांवों में पहुंच रही कई विभागों की संयुक्त टीम गांवों में सफाई, पेयजल, दवा वितरण कर रही हैं। इस अभियान के तहत शुक्रवार को 562 घरों में रहने वाले लोगों की जांच हुई। इसमें 162 बच्चे सर्दी जुकाम और सामान्य बुखार के मिले, जिनको दवा दिया गया। इसमें 16 बच्चों का सैंपल जांच के लिए लेकर कुशीनगर मेडिकल कॉलेज के लैब में भेजा गया।
विज्ञापन

कुशीनगर मेडिकल कॉलेज के आरक्षित किए गए 10 बेड के पीकू वार्ड में छह, हाटा सीएचसी के ईटीसी सेंटर में दो, नेबुआ नौरंगिया सीएचसी पर दो, कप्तानगंज में एक और खड्डा में भर्ती दो वर्षीय दीपकराज को गोरखपुर रेफर किया गया। इससे अब गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती बच्चों की संख्या चार हो गई है। पीकू वार्ड में भर्ती चार बच्चों को छुट्टी दे दिया गया। वह पूर्ण रूप से ठीक हो चुके हैं।
लेप्टोस्पायरोसिस को लेकर लोगों में गंदगी, खारा पानी पीने से होने की चर्चा रही, लेकिन पिपरा खुर्द, ढोलहा, खोटही समेत सात से अधिक प्रभावित गांंवों से पीने वाले पानी का सैंपल लैब में जांच के लिए भेजा गया था। पानी की गुणवत्ता शुद्ध मिली है। स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के अनुसार लेप्टोस्पायरोसिस चूहे के पेशाब से फैलने से होने की पुष्टि हुई है।
मवेशियों के पेशाब से यह बीमारी नहीं फैली है। जिला प्रशासन को लैब से इसकी रिपोर्ट भी मिल गई है। शुक्रवार को भी सीएमओ और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य पीकू वार्ड में पहुंचकर भर्ती हुए बच्चों के सेहत के बारे में जानकारी लिया।

डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि लेप्टोस्पायरोसिस चूहे के पेशाब से फैलने की जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई है। गांवों में जो पानी पी रहे थे, वह शुद्ध है। लैब में उस पानी का सैंपल भेजकर इसकी भी जांच करा ली गई है। दस्तक अभियान में गांवों को साफ सुधरा करने के अलावा लोगों की सेहत की जांच कराई जा रही है। कहीं से कोई दिक्कत नहीं है, सामान्य हालत है। स्वास्थ्य विभाग को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।
सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के पीकू वार्ड में भर्ती चार बच्चों के सेहत में सुधार होने पर उनको छुट्टी दे दिया गया है। जिले में 12 और गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में जिले के चार बच्चे भर्ती हैं। सभी की हालत सामान्य है। नोडल अफसरों के माध्यम से रिपोर्टिंग कराई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें