पडरौना/कसया। प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए कुंभ मेला स्पेशल बसें चलाई जा रही हैं। महाकुंभ के लिए पडरौना डिपो की तरफ से मंगलवार को 14 बसें भेजी गईं। वहीं पांच बसें महाकुंभ से लौट रही हैं। आते ही उन्हें भी रवाना कर दिया जा रहा है।
इस समय महाकुंभ के लिए निगम की 27 बसें और अनुबंधित की सात बसें मिलाकर कुल 34 बसें चल रही हैं। स्नान करने के बाद लोग खुद को धन्य समझ रहे हैं। उनका कहना है कि डुबकी लगाकर सुकून मिला है।
यात्रियों के लिए इस समय सबसे बड़ी मुसीबत प्रयागराज में लगा वाहनों का जाम बना है। महाकुंभ से लौटने वाले लोगों का कहना है कि महाकुंभ में स्नान करने के लिए फिर से श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। गाड़ियों को दूर ही रोक दिए जाने से 30 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ रहा है, लेकिन गंगा जी में स्नान करने के बाद लोग खुद को धन्य समझ रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि स्नान घाट पर कोई दिक्कत नहीं हो रही है। इत्मीनान से लोग स्नान कर रहे हैं। परेशानी वाहनों के लगने वाले जाम से हो रही है।