Kushinagar Incident: कुशीनगर हादसे पर पीएम और सीएम ने जताया दुख
- फोटो : अमर उजाला
कुशीनगर में नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया गांव में एक शादी के कार्यक्रम के दौरान बुधवार देर रात हुए हादसे में अबतक 13 लोगों की मौत हो गई है। रस्म के दौरान कुएं का स्लैब टूटने से हादसा हुआ। मरने वालों में महिलाएं, किशोरी और बच्चियां शामिल हैं। एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।'
इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'जनपद कुशीनगर के ग्राम नौरंगिया स्कूल टोला की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई ग्रामवासियों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।'
घटना के बाद गांव में मातम छा गया। शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस आई और आसपास के लोगों के साथ मिलकर सबको कुएं निकाला। गांव से जिला अस्पताल तक हाहाकार मचा रहा। कमिश्नर, डीआईजी, डीएम, एसपी ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य की जानकारी ली। साथ ही पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया है।
मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख का मुआवजे का एलान
हादसे को लेकर डीएम राजलिंगम ने कहा कि नेबुआ नौरंगिया में हुए हादसे में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। रेस्क्यू आपरेशन में जिनकी भी लापरवाही समाने आएगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।