जिला स्टेडियमों में वॉलीबॉल खलते खिलाड़ी।
पडरौना। रविंद्रनगर स्थित जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को मंडलीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता और जनपदीय स्काउट-गाइड बैंड प्रतियोगिता हुई। इसमें कुशीनगर के खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल और हॉकी में खिताब जीते। वहीं, बैंड प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अनुशासन और सामूहिक तालमेल का प्रदर्शन किया।
सांसद विजय कुमार दुबे, उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा, डीएम संजय चौहान, सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) संगीता सिंह, सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव और बीएसए अनिल कुमार सिंह ने वॉलीबॉल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मंडलीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। वालीबॉल के बालक वर्ग में कुशीनगर ने महाराजगंज को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग में देवरिया की टीम विजेता रही, जबकि कुशीनगर को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। हॉकी के बालक वर्ग में कुशीनगर ने गोरखपुर और बालिका वर्ग में देवरिया को पीछे छोड़कर खिताब अपने नाम किया। बास्केटबॉल के दोनों वर्गों में गोरखपुर की टीमों ने बाजी मारी। बालक वर्ग में महाराजगंज और बालिका वर्ग में देवरिया की टीम उपविजेता रही।
बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कुशीनगर के खिलाड़ियों ने कई भार वर्गों में पदक जीते। 32 से 34 किलोग्राम भार वर्ग में दिलखुश कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। 48 से 50 किलोग्राम भार वर्ग में श्याम कुमार ने बाजी मारी। वहीं 28 से 30 किलोग्राम में अरुण कुमार, 30 से 32 किलोग्राम में आनंद कुमार, 34 से 36 किलोग्राम में आनंद राय और 40 से 42 किलोग्राम भार वर्ग में अमित कुमार निषाद ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।