पडरौना। ऑल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन की तरफ से कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया गया। इसके बाद कोटेदारों ने सीएम को संबोधित ज्ञापन कलक्ट्रेट प्रभारी एसडीएम को सौंपा। इसमें कोटेदारों ने खाद्यान्न एवं चीनी लाभांश बढ़ाने और न्यूनतम इनकम गारंटी देने की मांग की। कोटेदारों ने चेताया कि यदि उनकी मांग पूरी होती है तो जिला से लेकर लखनऊ तक बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विभूति पाठक ने बताया कि सभी कोटेदार शासन के मंशा के अनुसार राशन वितरण करते हैं। कोरोना काल में कोटेदारों ने प्रधानमंत्री अन्न योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत निशुल्क वितरण किया।
राशन वितरण के अलावा सरकार की अन्य निर्देशों का भी पालन किया जाता है, लेकिन कोटेदारों का लाभांश 90 रुपये क्विंटल मिलता है, जबकि अन्य प्रदेश जैसे हरियाणा में 200 रुपये, गोवा में 220 रुपये केरल व दिल्ली में 200-200 रुपये न्यूनतम इनकम की गारंटी दिया जाता है।
इस दौरान रामनरेश दूबे, सुरेंद्र चौहान, पंकज राय, जयनाराण सिंह आदि मौजूद रहे।