पडरौना। बुधवार को संपन्न हुए मतदान के बाद बृहस्पतिवार को चुुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के दफ्तर में खाली थे। समर्थक घर में आराम फरमा रहे थे और प्रत्याशी अपनों के साथ बैठकर वार्डवार पड़े मत और उसमें अपने को मिले वोट की संभावनाओं पर चर्चा में मशगूल थे। वहीं चुनाव संचालक मतगणना के लिए एजेंटों का परिचय पत्र बनवाने में लगे थे।
जिले की तीन नगर पालिका व चार नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के 60 व सदस्य पद के 879 उम्मीदवार मैदान में थे। इस बार चारों प्रमुख दलों ने भी अध्यक्ष से लेकद सदस्य पद तक के उम्मीदवार उतार रखा है। इसके कारण निकाय चुनाव की रोचकता बढ़ गई है। बुधवार को संपन हुए मतदान में उम्मीद के अनुरूप वोट पड़ा है। बृहस्पतिवार की सुबह पडरौना नगर में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले अधिकांश उम्मीदवार का चुनाव दफ्तर खाली था। उम्मीदवार के घर पर जुटने वाली भीड़ भी गायब थी, हालांकि उम्मीदवार अपने घरों में प्रमुख लोगों के साथ गणित समझने में लगे थे। चर्चा का विषय था बूथवार पड़े मत और उसमें अपनी संभावना। कोई मुकाबले को त्रिकोणीय बता रहा था तो कोई आमने-सामने की। किस बूथ पर किसका पलड़ा भारी रहा और कौन रुपये लेने के बाद भी अंत में संदिग्ध हो गया, इसको लेकर भी कयासबाजी होती रही।
--
सभी का अपना-अपना तर्क
कसया कार्यालय के अनुसार कुशीनगर नगर पालिका परिषद का चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार भी बृहस्पतिवार को अपनी जीत का गणित सुलझाने में लगे थे। पार्टी पदाधिकारी और चुनाव में अहम भूमिका निभाने वाले लोग मत प्रतिशत को लेकर अलग-अलग तर्क के साथ बहस कर रहे थे।
---
सपा कार्यालय पर एक कार्यकर्ता, भाजपा का शटर बंद
कसया फ्लाई ओवर स्थित सपा के चुनाव कार्यालय में केवल एक कार्यकर्ता बैठकर वहां आने जाने वाले लोगों से हालचाल पूछ रहा था। सपहां रोड स्थित भाजपा कार्यालय का शटर भी बंद था। हालांकि कार्यालय के सामने कुर्सी डालकर बैठे कुछ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मतदान के दौरान की गतिविधियों पर चर्चा कर रहे थे।