पडरौना। नवरात्र की शुरुआत के साथ ही बाजार ने रफ्तार पकड़ ली थी। अब करवाचौथ पर भी बाजार सज गया है। सबसे ज्यादा रौनक इस समय सराफा बाजार और कपड़े की दुकानों में देखी जा रही है।
करवाचौथ पर महिलाओं में गहनों को लेकर खासा उत्साह है। बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी है। खास बात यह है कि इस बार फैंसी और डायमंड ज्वेलरी की सबसे ज्यादा डिमांड है। आभूषण व्यापारियों के अनुसार से इस वर्ष करवा चौथ पर करीब दो करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है।
वहीं कपड़ा व्यापारी इस त्योहार पर एक करोड़ रुपये से अधिक के व्यापार होने की उम्मीद जता रहे हैं।
शहर के धर्मशाला रोड, मेन बाजार, नौकाटाला रोड, कोतवाली रोड, सुभाष चौक पर कपड़े के बड़े शोरूम और ज्वेलरी के बड़े शॉप हैं। इन सभी दुकानों पर महिला-पुरुष गहनों की खरीदारी करते नजर आए। ज्वेलर्स के मुताबिक, करवाचौथ पर पत्नियां अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं और बदले में पति उन्हें उपहार देते हैं। यही वजह है कि त्योहार से पहले खरीदारी होती है।
शहर के सराफा कारोबारी संजीव कुमार, उमंग खेतान, अंशुल जायसवाल आदि बताते हैं कि इस बार ग्राहकों की पसंद में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। भारी गहनों के बजाय अब हल्के वजन और आधुनिक डिजाइन वाले गहनों की मांग सबसे ज्यादा है। खासतौर पर डायमंड सेट्स, फैंसी कान के कुंडल, चूड़ियां और पेंडेंट की बिक्री तेज हो गई है। सोने के दाम भले ही ऊंचे हैं, लेकिन इससे खरीदारी पर खास असर नहीं पड़ा है। डायमंड सेट, कुंदन पोल्की वर्क और रोज गोल्ड फिनिश ज्वेलरी की डिमांड तेजी से बढ़ी है। गहनों की अग्रिम बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। मनपसंद डिजाइन और करवाचौथ पर डिलीवरी के लिए ग्राहक ऑर्डर दे रहे हैं। इससे कारीगरों को भी अच्छा काम मिल रहा है और वे दिन-रात ऑर्डर पूरे करने में जुटे हैं।
आभूषण व्यापारियों ने बताया कि अब तक करीब डेढ़ करोड़ रुपये का काराेबार हो चुका है। एक से दो दिन में 50 लाख से अधिक का आभूषण कारोबार होने की उम्मीद है। वहीं लालजी वर्मा, अजय गुप्ता, शिव वर्मा ने बताया कि हर साल से करवाचौथ पर आभूषण बाजार में ग्राहकों की संख्या अधिक है।
लोग डायमंड वाला आभूषणों की अधिक मांग कर रहे हैं। एक आभूषण की दुकान पर खरीदारी कर रहे सुनील मद्धेशिया, विपुल विश्वकर्मा, रिंकू जायसवाल आदि ने बताया कि हर करवा चौथ पर अपनी पत्नी को कुछ खास देने की कोशिश होती है। इस बार डायमंड ईयररिंग्स की बुकिंग करवाई है। सोना महंगा जरूर है, लेकिन फैंसी डिजाइनों में बहुत वैरायटी आ गई है। पत्नी को मोती और कुंदन पसंद हैं तो इस बार कुछ हल्का और खास चुना है।
इसी तरह कपड़ों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ कम नहीं है। शहर के सभी कपड़ा दुकानों पर दोपहर बाद खरीदारों की भीड़ बढ़ जा रही है। कपड़ा व्यापारी प्रदीप चहाड़िया, सज्जन अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, संजय चहाड़िया ने बताया कि करवा चौथ पर कपड़े के बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। खरीदारी के लिए आईं महिलाएं जड़ी और कढ़ाई वाली साड़ी अधिक पसंद कर रही हैं।