जिले में 44 लोग कोरोना संक्रमित मिले
एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 209 हुई
कुशीनगर। शनिवार को 44 लोग कोरोना संक्रमित मिले। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा मौका है जब 40 से अधिक लोग संक्रमित मिले हैं। जनपद में एक्टिव मरीजों की संख्या 209 हो गई है।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि शनिवार शाम तक 4117 लोगों का नमूना आरटीपीसीआर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। जबकि 3022 नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 2978 निगेटिव और 44 पॉजिटिव केस हैं। संक्रमितों में हाटा क्षेत्र से एक, तमकुही से 13, खड्डा से छह, फाजिलनगर से दो, दुदही से एक, पडरौना से पांच, कसया से एक, कप्तानगंज से दो, सेवरही से पांच, सुकरौली से एक, विशुनपुरा से एक, रामकोला से दो और अन्य क्षेत्रों से तीन लोग शामिल हैं।
सीएमओ ने बताया कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर में 59807 लोगों की कोरोना जांच कराई गई है, जिसमें 316 लोग संक्रमित मिले हैं। जबकि 107 लोग स्वस्थ हुए हैं। जिले में कोरोना संक्रमण दर 0.53 प्रतिशत और ठीक होने वालों की दर 33.68 प्रतिशत है। सीएमओ ने कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जनपद के लोगों से सामाजिक दूरी, सैनिटाइजर और मास्क का उपयोग करने की अपील की है।
31,679 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
कुशीनगर। शनिवार को 285 केंद्रों को 31,679 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि एक स्वास्थ्यकर्मी को कोरोनारोधी टीके की पहली, 24 को दूूसरी और 239 को प्रीकॉशन डोज दी गई। दो फ्रंटलाइन वर्कर्स को पहला व 188 को दूसरा टीका लगाया गया। जबकि 129 को प्रीकॉशन डोज दी गई। 15 से 17 साल तक के 3701 किशोरों को टीके की पहली डोज दी गई। 18 से 44 साल तक के 13,440 युवाओं को पहली एवं 6,768 को दूसरी डोज दी गई। 45 से 59 साल तक के 2,318 लोगों को पहला व 1,909 को दूसरा टीका लगाया गया। 60 साल से अधिक आयु के 1167 बुजुर्गों को पहली व 1436 को दूसरी डोज दी गई। इसके अतिरिक्त 357 बुजुर्गों को प्रीकॉशन डोज दी गई। इस तरह 20,629 लोगों को पहला व 10325 को दूसरा टीका लगाया गया।