असामाजिक तत्वों की निगरानी करने के निर्देश
प्रेक्षक ने तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों का किया निरीक्षण
तमकुहीरोड(कुशीनगर)। तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक और लाइजनिंग ऑफिसर ने बुधवार को क्षेत्र के कई बूथों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पकड़ीयार पूरबपट्टी और बांसगांव के जटवलिया के प्राथमिक विद्यालय, पंचायत व विवाह भवन पर बने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर सुविधाओं और सुरक्षा की जानकारी ली।
बुधवार को चुनाव आयोग के प्रेक्षक अटानु मजूमदार और लाइजनिंग ऑफिसर राजीव कुमार सिंह ने पकड़ीयार पूरबपट्टी व बांसगांव के पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय, विवाह भवन में बने मतदान केंद्र के बूथ संख्या-15, 16, 17, 18 और बूथ संख्या- 98 का निरीक्षण कर अधिकारियों से मतदान केंद्र पर बिजली, शौचालय, रैम्प समेत अन्य मतदाता सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान तमकुहीराज तहसील के नायब तहसीलदार आशीष रंजन, सेवरही एसओ आशुतोष कुमार सिंह, सेवरही पुकिस चौकी के चौकी प्रभारी राजेश मिश्रा, लेखपाल अशोक कुमार वर्मा, बब्बन बिहारी मिश्र, अश्वनी राय, जयंत गुप्ता, प्रधान प्रतिनिधि राजेश यादव, जैनुद्दीन अंसारी आदि मौजूद रहे।