सपहा। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर आठ पंडित राजमंगल पांडेय नगर सपहा चौराहा पर मंगलवार को प्रशासन की संयुक्त टीम अतिक्रमण हटाएगी। सोमवार को तहसील प्रशासन की ओर से चौराहा पर अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे के भीतर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई।
अतिक्रमण न हटाने पर प्रशासन दोनों पटरियों से कब्जा हटवाकर अतिक्रमणकारियों पर जुर्माना भी लगाएगा। रविवार को अतिक्रमण की वजह से पेट्रोलियम टैंकर की चपेट में आ जाने से बालिका सोनम (8) की मौके पर दर्दनाक मौत हो गयी थी।
बच्ची की मौत के बाद प्रशासन जागा है। स्थानीय लोगों ने टैंकर चालक पर कड़ी कार्रवाई करने व चौराहा से अतिक्रमण हटाने को लेकर करीब एक घंटे तक सपहा-तुर्कपट्टी मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया था।
नायब तहसीलदार कसया संदीप कुमार ने लोगों को जल्द अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया। तब लोग शांत होकर जाम खत्म किए। अब प्रशासन चौराहा से अतिक्रमण हटाने की तैयारी में है। स्थानीय लोगों के मुताबिक चौराहा पर अतिक्रमण से पूर्व में भी दुर्घटनां हो चुकी हैं। एसडीएम कसया डॉ संतराज सिंह बघेल ने कहा कि सोमवार को अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई। मंगलवार को चौराहा पर प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाएगी।