तमकुहीरोड। सेवरही नगर पंचायत से सटे मलाही टोला में बिहार चीनी मिल की तरफ से लगाए गए तौल केंद्र से ओवरलोड गन्ना लादकर जा रहे वाहनों से लोगों को दुर्घटना होने का डर बना रहता है। कस्बे के बीच में गन्ना लदे इन वाहनों से कई बार हादसे भी हो चुके हैं। कस्बा के लोगों ने इन गन्ना लदे वाहनों को दूसरे रास्ते गन्ना लदे वाहनों को भेजवाने की मांग की है। सेवरही नगर पंचायत से सटे बिहार के मलाही टोला में गन्ने की आपूर्ति को लेकर गोपालगंज, सिधवलिया व बगहा चीनी मिलों की तरफ से गन्ना क्रय सेंटर बनाए गए हैं, जहां से रोजाना गन्ने की आपूर्ति की जाती है। बगहा चीनी मिल का गन्ना पीपी बांध के रास्ते रतवल होते हुए बगहा जाता है, लेकिन गोपालगंज व सिधवलिया चीनी मिल का गन्ना सेवरही कस्बा होकर जाता है।
शाम को जब यह गन्ना लदे ओवरलोड ट्रक या ट्राला सेवरही कस्बा के चनरी चौराहा, पुरानी पुलिस चौकी चौराहा, माल गोदाम चौक, स्टेशन चौक, पश्चिमी रेलवे समपार फाटक, महाराणा प्रताप तिराहे जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों से होकर गुजरते है तो सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है।
लोगों का कहना है कि इन गन्ने से लदी गाड़ियों को कस्बा के भीड़ वाले रास्ते की जगह एपी बांध के अहिरौलीदान के रास्ते नेशनल हाइवे होते हुए ले जाया जाय तो इस तरह की समस्या नहीं होगी। कस्बा के व्यापारी नेता पप्पू जायसवाल, छोटेलाल वर्मा, अजय गुप्ता, शुकदेव रौनियार आदि ने समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
कस्बा पुलिस चौकी इंंचार्ज अनिल कुमार शर्मा का कहना है कि चालकों को रात में कस्बे में भीड़ कम होने पर ही गन्ना लदे गाड़ियों को ले जाने के लिए निर्देशित किया गया है।