पडरौना। पुलिस कार्यालय के सभागार कक्ष में रविवार को उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के अभिलेखों की समीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण को लेकर एसपी केशव कुमार ने समीक्षा गोष्ठी की।
एसपी ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण के दौरान गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। साथ ही अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। गोष्ठी में नोडल अधिकारी (पुलिस एवं प्रशासन), डीवी/पीएसटी दल के सदस्य, कार्यदायी संस्था सुरक्षा के प्रतिनिधि, परीक्षा संचालन से जुड़े सेंटर इंचार्ज, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य ड्यूटी में तैनात अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा भर्ती प्रक्रिया को सुचारू एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने पर विस्तृत चर्चा की गई।