सूचना आयोग ने बीडीओ पर लगाया जुर्माना
पटहेरवा। तमकुही विकास खंड के बभनौली ग्राम सभा में कराए गए विकास कार्यों से संबंधित सूचना नहीं देने पर राज्य सूचना आयोग ने तत्कालीन बीडीओ पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। यह धनराशि उनके वेतन से कटेगी।
तमकुही विकास खंड के बभनौली ग्राम सभा निवासी प्रदीप सिंह ने वर्ष 2021 में गांव में हुए विकास कार्यों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर तमकुही के तत्कालीन बीडीओ से सूचना अधिकार के तहत जानकारी मांगी थी। सूचना नहीं दी गई। इस पर प्रदीप ने सूचना आयोग का दरवाजा खटखटाया था, जहां से बीडीओ पर सूचना न देने के चलते 25 हजार का अर्थदंड लगा।
अब संयुक्त रजिस्टार सूचना आयोग ने यह धनराशि तत्कालीन बीडीओ के वेतन से वसूलने का आदेश दिया है। साथ ही आयोग ने कहा है कि अर्थदंड के खिलाफ सक्षम न्यायालय से कोई आदेश हो तो आयोग को अवगत कराया जाए।