संवाद न्यूज एजेंसी
रहसू बाजार। क्षेत्र पंचायत फाजिलनगर के ग्राम जोकवा बुजुर्ग पंचायत भवन पर मंगलवार को खुली बैठक हुई। गांव के लोगों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और आवास के लिए पात्र लोगों की जानकारी ली गई।
सचिव रेखा सिंह ने कहा कि जिनके पास कच्चे मकान, आश्रयविहीन परिवार, बेसहारा, भीख मांगकर जीवन यापन करने वाले लोग, हाथ से मैला ढोने वाले, जनजातीय समूह आदि लोग पात्रता की श्रेणी में आएंगे। जिनके पास पक्का मकान व कई कमरे, जिस पर कटरेन या अल्बेस्टस लगा हो वह अपात्रता की श्रेणी में आएंगे। प्रधान प्रतिनिधि नागेंद्र गुप्ता ने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी झुग्गी, झोपड़ी में न रहे। सभी के पास अपना एक पक्का मकान हो। इस दौरान सुनील जायसवाल, चंदन जायसवाल, रामू प्रसाद, पारस गोंड़, वंशराज यादव, बृजबिहारी उपाध्याय, सीमा देवी आदि मौजूद रहे।