पडरौना। बीते करीब एक सप्ताह से पछुआ चल रही है। इससे ठंड बढ़ गई है। ऐसे में वायरल बुखार के अलावा लोगों में चर्म रोग की समस्या बढ़ गई है। त्वचा लालिमा, पपड़ी जमने और एक्जिमा जैसी समस्या बढ़ गई है।
गर्म कपड़े शरीर से निकालने के बाद काफी देर तक खुजली हो रही है। इस तरह के मरीज मेडिकल कॉलेज की ओपीडी से लेकर स्वास्थ्य मेले तक पहुंच रहे हैं। डॉक्टर ऐसे मरीजों को दवा के साथ बचाव के उपाय बता रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर के चर्मरोग विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ममता यादव ने बताया कि ठंड में रूखी हवा, हीटर और कम नमी के कारण त्वचा पर खुजली, लालिमा, पपड़ी जमना और एक्जिमा जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। उन्होंने बताया कि ठंडी हवा और हीटर त्वचा के प्राकृतिक तेल छीन लेते हैं, जिससे रूखापन और खुजली होती है। इनसे बचने के लिए गुनगुने पानी से नहाएं।
नहाने के बाद मॉइस्चराइजर लगाएं। पर्याप्त पानी पिएं, ढीले कपड़े पहनें। धूप से बचाव के लिए सनस्क्रीन का प्रयोग करें और पौष्टिक आहार लें। उन्होंने बताया कि ठंड में त्वचा की सुरक्षा बेहद जरूरी है।