ट्रैक्टर व बाइक के बीच भिड़ंत में पति-पत्नी गंभीर
ओवर टेक करने के दौरान ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर
तुर्कपट्टी(कुशीनगर)। तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के छहूं में कसया-सेवरही मार्ग पर ओवरटेक करने के दौरान एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार एक दंपती को टक्कर मार दिया। पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
देवरिया जिले के भुजौली निवासी सफायद अंसारी (35) पत्नी सवरा खातून (34) के साथ ससुराल कसया थानाक्षेत्र के नरकटिया गए थे। वहां से तुर्कपट्टी की तरफ किसी रिश्तेदार के घर जा रहे थे। छहूं स्थित चिल्ड्रेन पब्लिक इंटरमीडिएट कॉलेज से करीब 200 मीटर पश्चिम एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दिया। वहां मौजूद जिला पंचायत सदस्य अमरेश यादव ने ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर चालक को पकड़वाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस दोनों वाहनों और चालक को अपने साथ लेती गई। एसओ जेपी पाठक ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
हेलमेट ने बाइक चालक की बचाई जान
तुर्कपट्टी। मौके पर मौजूद ग्रामीण केदार ओझा ने बताया कि बाइक चालक सफायद ने हेलमेट पहन रखा था। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जारी है।