छापेमारी के दौरान पूछताछ करती पुलिस। संवाद
कसया। थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को होटल ग्रीन पैलेस में पुलिस ने छापेमारी की। होटल के कमरे में आपत्तिजनक हालत में पांच जोड़ों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान होटल में अफरातफरी मच गई। छापेमारी के दौरान होटल के कई कर्मी भाग निकले। पुलिस युवक-युवतियों से पूछताछ कर रही है। होटल संचालक से भी पुलिस जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी ले रही है। कसया पुलिस को सूचना मिल रही थी कि हाईवे किनारे स्थित कुछ होटल नियमों को ताक पर रखकर अनैतिक गतिविधियों का अड्डा बने हुए हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस टीम ने हाइवे के किनारे स्थित ग्रीन पैलेस होटल पर छापा मारा। जहां होटल के कमरों से पांच जोड़े संदिग्ध अवस्था में पाए गए। जिन्हें पुलिस ने मौके पर ही सभी को हिरासत में ले लिया। वही होटल में कार्य करने वाले 2 सफाई कर्मी सहित होटल मैनेजर से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
इससे पहले भी कसया थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में हाईवे किनारे स्थित होटलों पर कई बार पुलिस कार्रवाई हो चुकी है। इस अवैध धंधे से जुड़े लोग अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं। अभी कुछ ही दिनों पहले होटलों से युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कसया अभिनव मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए युवक-युवतियों से पूछताछ के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि होटल प्रबंधन की संलिप्तता पाई गई तो प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।