पडरौना। पडरौना के रामकोला रोड पर आदित्य होटल में पुलिस टीम ने मंंगलवार को छापा मारा। होटल से एक जोड़े को हिरासत में लिया। छापेमारी की खबर मिलते ही कस्बे में खलबली मच गई। हिरासत में लिए गए युवक और युवतियों के परिजनों को बुलाकर पुलिस ने चेतावनी देते हुए सुपुर्द कर दिया।
वहीं होटल संचालक के बचाव में कई सफेदपोश जुट गए और पुलिस तक पैरवी पहुंच गई। कोतवाली पुलिस का तर्क है कि होटल से हिरासत में लिए गए युवक, युवती बालिग हैं, उनके अभिभावकों को बुलाकर सुपुर्द कर दिया गया है। होटल संचालक को चेेतावनी दिया गया है।
कुशीनगर में एनएच 28 के किनारे और कसया में संचालित गेस्ट हाउस व होटलों में देह व्यापार का धंधा काफी दिनों से चलता है। रामकोला रोड पर संचालित आदित्य होटल में दोपहर करीब दो बजे पुलिस ने छापेमारी किया और एक युवक और एक युवती को हिरासत में लेकर कोतवाली चली गई। पुलिस के अचानक छापेमारी से बाकी होटल संचालकों में खलबली मच गई। सूत्रों की मानें तो पहले सूचना लीक हो गई थी और होटल के पीछे के दरवाजे से कई जोड़े भाग निकले। कोतवाल हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि आदित्य होटल पर देह व्यापार की सूचना मिलने पर छापेमारी हुई थी। एक युवक और एक युवती को हिरासत में लिया गया था। दोनों के अभिभावक को बुलाकर सुपुर्द कर दिया गया। होटल संचालक को चेतावनी दिया गया है।