कसया। हिरण्यवती नदी की सफाई अभियान का काम तेज हो गया है। सोमवार को एसडीएम कसया ने नगरपालिका के ईओ के साथ नदी का निरीक्षण कर सफाई अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया। एसडीएम ने कहा कि नगर के विंदवलिया पुल के पास से सफाई अभियान का शुभारंभ 15 अक्तूबर से किया जाना है।
इसमें कुशीनगर, हाटा, फाजिलनगर और पडरौना नगरपालिका से भी सफाई अभियान में सहयोग लिए जाने की योजना बनाई गई है। कसया तहसील क्षेत्र में कुरमौटा से लेकर बेलवा पलकधारी तक हिरण्यवती नदी की अभियान के तहत सफाई कराई जाएगी। जिसके लिए तहसील एवं नगरपालिका के अलावा ब्लाक और ग्राम पंचायतोंं से सहयोग लकेर सफाई कराने की रणनीति तैयार की जा रही है। बांसी नदी के बाद जिले में हिरण्यवती नदी की सफाई की जानी है। इसके लिए लगातार बैठक एवं मौके का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। नदी को निर्मल एवं स्वच्छ बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी बिंदुओं पर तैयारी की जा रही है।
एसडीएम डा संतराज सिंंह बघेल ने बताया कि नदी की सफाई का शुभारंभ करने के लिए विंदवलिया गांव के पुल के समीप स्थान चिन्हित किया गया है।
सफाई अभियान को सफल बनाने के लिए सभी पहलुओं पर तैयारी की जा रही है। ईओ अंकिता शुक्ला को अभियान के तहत प्रयोग होने वाले संशाधन और सफाई अभियान की रूपरेखा की तैयारी करने का निर्देश दिया। इस दौरान नगरपलिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल, श्रवण तिवारी, शमसेर आदि मौजूद रहे।