पटहेरिया। पटहेरिया चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक मिठाई की दुकान में अचानक हाई वोल्टेज करंट उतरने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान में लगे पंखे, स्टेबलाइजर, सीसी कैमरा समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। इस दौरान एक मोबाइल चार्जर उछलकर दुकानदार की पीठ में जा लगा, जिससे वह घायल हो गए।
पटहेरिया चौराहे स्थित अतुल स्वीट हाउस में सुबह करीब आठ बजे अचानक हाई वोल्टेज करंट पहुंच गया। सुबह का समय होने के कारण दुकान पर चाय-नाश्ता करने के लिए कई लोग मौजूद थे। अचानक बिजली का वोल्टेज बढ़ने से लोग घबराकर दुकान से बाहर निकलने लगे। हाई वोल्टेज के कारण दुकान के पंखे, स्टेबलाइजर, सीसी कैमरे समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। बोर्ड में लगे बल्ब धमाके के साथ फूटकर दूर जा गिरे।
इसी दौरान मोबाइल चार्जर उछलकर दुकानदार प्रभु मद्धेशिया की पीठ में जा लगा, जिससे वह घायल हो गए। घटना की सूचना पर बिजली आपूर्ति बंद की गई, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि बिजली के पोल पर कौवा बैठने के बाद अचानक दुकान में हाई वोल्टेज करंट पहुंचा। करंट की चपेट में आने से कौवे की भी मौत हो गई। घटना के बाद कुछ देर तक चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।