क्षयरोग अभियान के लिए गाड़ी को हरी झंड़ी दिखाकर रवाना करते सीएमओ व नपाअध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष
पड़रौना। जिला पंचायत सभागार में विश्व क्षयरोग दिवस पर मंगलवार को 100 दिवसीय टीबी रोगी खोज अभियान शुरू हुआ। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत वर्ष 2025 में टीबी मुक्त 129 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
टीबी रोगी खोज अभियान के तहत प्रचार वाहन को एडीएम वैभव मिश्र, सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश, डीटीओ डॉ. एसएन त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ग्राम प्रधानों से टीबी मुक्त ग्राम पंचायत बनाने में सहभागिता निभाने के लिए जोर दिया। कहा कि अगले वर्ष भी यह सम्मान मिले,ग्राम प्रधानों का इसका ख्याल रखना होगा।
सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश ने कहा कि जनभागीदारी से ही टीबी को हराया जा सकता है। जिले के 129 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों की टीबी मुक्त पंचायत का सम्मान दिया जा रहा है,यह उनके बेहतर कार्यों के चलते दिया गया है। पडरौना ब्लाक की बहादुर गंज व हाटा ब्लाक की महुई ग्राम पंचायत लगातार तीन वर्षों से टीबी मुक्त होने पर ग्राम प्रधान गांधी जी की स्वर्ण कलर की प्रतिमा, पांच ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को दूसरी बार टीबी मुक्त होने पर गांधी जी की सिल्वर कलर व 122 ग्राम पंचायतों को पहली बार टीबी मुक्त होने पर गांधी जी की कांस्य कलर की प्रतिमा व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा मनीष जयसवाल,डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी ने विचार रखे। संचालन अनूप कुमार मिश्र ने किया। स्वागत जिला कार्यक्रम समन्वयक अनुपम मिश्र व आभार जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर नितेश राय ने ज्ञापित किया। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. आरडी कुशवाहा, टीबी एचआईवी कॉर्डिनेटर चंद्रशेखर यादव, आशुतोष कुमार मिश्र, विशाल जयसवाल, विवेक यादव, अरमान अहमद, नवीन चंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।