21 नवंबर तक दो पालियों में होगी परीक्षा, जिले के 2464 परिषदीय और 21 कस्तूरबा विद्यालयों में तैयारी पूरी
पडरौना। जिले के परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार से अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू होगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा 21 नवंबर तक दो पालियों में कराई जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए पहले ही समय-सारिणी जारी कर दी है। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक होगी।
कक्षा एक के विद्यार्थियों की सभी विषयों की मौखिक परीक्षा होगी। वहीं, कक्षा दो से पांच तक लिखित और मौखिक दोनों माध्यमों से मूल्यांकन किया जाएगा। कक्षा दो और तीन में दोनों का अधिभार 50-50 प्रतिशत रहेगा। कक्षा चार और पांच में लिखित परीक्षा का अधिभार 70 और मौखिक का 30 प्रतिशत होगा।
परीक्षा कुल 50 अंकों की होगी। इसमें 10 अंक के बहुविकल्पीय, 10 अंक के अति लघु उत्तरीय, 20 अंक के लघु उत्तरीय और 10 अंक के दीर्घ उत्तरीय प्रश्न पूछे जाएंगे।
जिला स्तर पर प्रश्नपत्रों का प्रकाशन कराकर विद्यालयवार गोपनीय तरीके से वितरण कराया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई है। जिले के 2464 परिषदीय विद्यालयों के अलावा 21 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में भी परीक्षा होगी।
कोट
खंड शिक्षा अधिकारियों की देखरेख में प्रश्नपत्रों का वितरण कराया जा रहा है। परीक्षा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
-अनिल कुमार सिंह, बीएसए, कुशीनगर