तमकुहीराज/पटहेरवा। थाना क्षेत्र के लवनिया चौराहे पर सोमवार की सुबह सड़क किनारे दुकान पर चाय-नाश्ता कर रहे दादा-पोते को अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। बहराइच जिला निवासी इन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पटहेरवा पुलिस शव और ट्रक को लेकर थाने आई।
बहराइच जिले के रिसिया बाजार थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव निवासी रंजीत अपने पिता मटोरी और पुत्र मनोज लबनिया चौराहे पर किराए के मकान में रहकर कपड़ा बेचते हैं। फेरी लगाकर आजीविका कमाने वाले ये लोग सोमवार की सुबह भी काम पर निकल रहे थे। दादा मटोरी और पोता मनोज चौराहे के एक चाय की दुकान पर सड़क के किनारे बैठकर चाय-नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक इन दोनों को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। इस हादसे से चौराहे पर हाहाकार मच गया। हादसा सुनकर रंजीत भी मौके पर पहुंचा और पिता-पुत्र की हालत देखकर बेसुध हो गया। एसओ पटहेरवा भीम यादव ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है। ट्रक और चालक को भी पुलिस ने थाने भेजवा दिया।