पडरौना। शहर के जूनियर हाईस्कूल परिसर में स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन के लिए आयोजित 15 दिवसीय मेला का शनिवार को समापन हुआ। इसमें प्रतिभाग करने वाले उद्यामियों को सहभागिता प्रमाण पत्र दिया गया।
इसके अलावा मेला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यामियों को पुरस्कृत किया गया। सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि स्वदेशी मेले में जिले में निर्मित उत्पाद जैसे खाद्य पदार्थ मसाला, टॉफी, बिस्कुट, पापड़, आचार, चिप्स, ओडीओपी के केले के फल से निर्मित उत्पाद एवं केला रेशा से बने हस्तशिल्प उत्पाद का बाजार अब जिले से बाहर तक फैल गया है। जिले में बनने वाले उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में सरकार की तरफ से हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि सरकार स्थानीय उद्यामियों को प्रोत्साहित कर स्वदेशी उत्पाद को बढ़ा दे रही है। ऐसे आयोजन कर सरकार स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध करा रही है। सरकार की इन योजनाओं से लाभान्वित होने के लिए स्थानीय व्यापारी और उद्यामियों को आगे आना चाहिए।