पडरौना। सेवरही क्षेत्र के मठिया भोखरिया गांव के नौका टोला के बड़ी नहर के पास झाड़ी में मिले युवक के शव के मामले की पुलिस ने शुक्रवार को पर्दाफाश किया। प्रेमी की हरकतों से तंग आकर प्रेमिका ने परिजनों के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने प्रेमिका, उसके पिता व दो भाईयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 11 जून को मठिया भोखरिया गांव के नौका टोला से गुजरी बड़ी गंडक नहर की पटरी पर बनी पिच सड़क के किनारे झाड़ी में एक युवक का शव मिला था। शव की पहचान 30 वर्षीय अनिल यादव निवासी सखवनिया बतर डेरा थाना कसया के रूप में हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
एसपी संतोष कुमार मिश्र ने घटना का शीघ्र अनावरण के लिए एएसपी निवेश कटियार और तमकुहीराज सीओ राकेश प्रताप सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम का गठन किया था। पुलिस ने शुक्रवार को थाना सेवरही व स्वाट की संयुक्त पुलिस टीम के प्रयास से घटना के दो दिन में ही घटना का खुलासा कर दिया।
एसपी ने बताया कि घटना में चार आरोपी शामिल थे। आरोपियों की पहचान प्रेमिका अर्चना यादव, पिता बालेंद्र उर्फ बलिंदर यादव, भाई राहुल कुमार यादव उर्फ राजा यादव, बादल यादव निवासी सरैया महंथ पट्टी थाना चौराखास के रूप में हुई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
एसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में मामला प्रेम प्रसंग का निकला है। अनिल कुमार यादव का अर्चना के साथ करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अर्चना यादव की शादी मार्च 2025 में हो गई थी। शादी के बाद भी अनिल लगातार महिला से संबंध रखने के लिए दबाव बना रहा था। इसी से तंग आकर उसके पति ने अर्चना को उसके मायके लाकर छोड़ दिया था।
इन्हीं सब बातों से क्षुब्ध होकर अर्चना यादव व उसके परिजनों ने अनिल को 10 जून की रात को फोन कर घर बुलाया और भोखरिया गांव के नौका टोला के बड़ी नहर के पास ले जाकर फावड़े व हेलमेट आदि से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव ले जाकर फेंक दिया। हत्या में प्रयुक्त सभी सामग्री पुलिस ने बरामद कर लिया है। हत्या का खुलासा करने वाले पुलिस कर्मियों को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।