कुशीनगर में तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र अंतर्गत कसया-सेवरही मार्ग पर स्थित बरवा राजापाकड़ गांव के पास बृहस्पतिवार की दोपहर में एक अनियंत्रित डीसीएम ने विद्यालय से घर लौट रही साइकिलसवार छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। इससे छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर तक वहां जाम लगा रहा। चालक डीसीएम छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया तथा जाम खाली कराकर डीसीएम को थाने भेज दिया। पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय रेनू पुत्री उमेश मूलत: बिहार राज्य के पंचदेवरी के पास स्थित सिरसिया गांव की निवासी थी। वह अपनी मां अंजू व भाई-बहनों के साथ तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बरवा राजापाकड़ गांव के सपही बरवा टोला में अपने नाना के घर रहती थी। रेनू दुर्गा पब्लिक स्कूल बरवा राजापाकड़ में आठवीं की छात्रा थी।