पंखे से लटकता मिला युवती का शव
कुबेरस्थान थानाक्षेत्र के सिकटा गांव की निवासी थी युवती
संवाद न्यूज एजेंसी
कुबेरस्थान। थानाक्षेत्र के सिकटा गांव निवासी 18 वर्षीय युवती का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। युवती की मां की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के सिकटा गांव निवासी स्व. कमलेश सिंह की पांच बेटियां और दो पुत्रों में चौथी बेटी श्वेता के बारे में कहा जा रहा है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। बुधवार की सुबह करीब नौ बजे कमरे में सोकर उठी और घर के सदस्यों से मिलकर पुन: कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर ली। इस दौरान उसकी बड़ी बहन प्रियांशु खाना बना रही थी और उसकी मां अमरावती देवी तथा छोटी बहन घर में मौजूद थीं। खाना बनाने के बाद जब उसकी बड़ी बहन श्वेता को खाना खाने के लिए बुलाईं तो कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद उसके घरवाले कमरे की खिड़की से झांककर देखा तो उसका शव पंखे में लटक रहा था। यह देख परिजन शोर मचाने लगे। वहां पहुंचे गांव के लोगों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। घटना की सूचना मां अमरावती देवी ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इस संबंध में एसओ कुबेरस्थान संजय कुमार ने बताया कि मां की तहरीर पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।